ददाहू कॉलेज के प्रो. दिनेश शर्मा को सामाजिक व पर्यावरणीय योगदान के लिए मिला हिमाचल गौरव पुरस्कार
समाचार विस्तार :
नाहन (सिरमौर): राजकीय महाविद्यालय ददाहू में सहायक प्रोफेसर के पद पर कार्यरत प्रो. दिनेश कुमार शर्मा को सामाजिक व पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए हिमाचल गौरव पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार उन्हें हरियाणा के पिंजौर में आयोजित स्वर्णिम हिमाचल जन जागरण समिति, हिमाचल प्रदेश द्वारा आयोजित राष्ट्र स्तरीय स्नेह मिलन समारोह 2025 के दौरान प्रदान किया गया।
इस कार्यक्रम में देशभर से सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक, पर्यावरणीय एवं अन्य 60 क्षेत्रों से जुड़े उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। प्रो. दिनेश शर्मा को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार फर्स्ट एंड काउंसिल ऑफ इंडिया, नई दिल्ली के अध्यक्ष डॉ. शबाब आलम तथा स्वर्णिम हिमाचल जन जागरण समिति हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष डॉ. कुलदीप सिंह मेहता द्वारा प्रदान किया गया।
प्रो. दिनेश शर्मा का कहना है कि यह पुरस्कार उनके लिए एक गौरव का विषय है और इससे उन्हें भविष्य में समाज व पर्यावरण के क्षेत्र में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को भी समाज सेवा व पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में आगे आकर अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
इस सम्मान से न केवल कॉलेज का बल्कि समूचे सिरमौर जिले और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन हुआ है। प्रो. शर्मा लंबे समय से पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण अभियानों और ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।