नाहन में ‘हमारा पानी बचाओ’ अभियान के तहत जल संरक्षण कार्यक्रम आयोजित, लोगों को किया गया जागरूक
समाचार विस्तार
नाहन (सिरमौर)। जल संरक्षण को लेकर जिले में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिरमौर द्वारा ‘‘हमारा पानी बचाओ–संरक्षण, रक्षा, पुनर्स्थापना’’ अभियान के अंतर्गत जिला मुख्यालय नाहन में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी श्री नव कमल ने की।
उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद नागरिकों को प्राकृतिक जल स्रोतों, नदियों, नालों और अन्य जल स्त्रोतों के महत्व की जानकारी दी और उन्हें इन संसाधनों की रक्षा व पुनर्स्थापना के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जल संकट से निपटने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं, और आम जन को जल संरक्षण अभियान से जुड़कर अपने क्षेत्र में जागरूकता फैलानी चाहिए।
श्री नव कमल ने बताया कि यह विशेष अभियान 21 अप्रैल से 26 अप्रैल 2025 तक जिला सिरमौर के विभिन्न क्षेत्रों में चलाया जा रहा है, जिसमें विभिन्न विभागों और संगठनों का सहयोग लिया जा रहा है।
इस अवसर पर जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता मनीत भारद्धाज तथा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के कनिष्ठ पर्यावरण अभियंता नवीन बनयाल ने बतौर विशेषज्ञ अपने विचार साझा किए। उन्होंने जल स्रोतों की गिरती स्थिति, कारणों और उनके संरक्षण के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में कार्यवाहक खण्ड विकास अधिकारी श्री परमजीत ठाकुर, स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि, नव युवक मंडल, महिला मंडल के सदस्य एवं अन्य गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। सभी ने जल संरक्षण की दिशा में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।