दैनिक जनवार्ता नेटवर्क
कांगड़ा। प्रदेश के विभिन्न शिव मंदिरों में शिवरात्रि के उपलक्ष्य में मेलों का आयोजन किया जाएगा। इनमें राज्यस्तरीय शिवरात्रि महोत्सव बैजनाथ में आयोजित किया जाएगा। ये महोत्सव 26 फरवरी से 02 मार्च तक चलेगा। इस दौरान इंदिरा मैदान में पहली बार सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन भी किया जायेगा।
अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव छोटी काशी यानी मंडी में आयोजित किया जाएगा। साथ ही अंदौरा के काठगढ़ शिव मंदिर में 25 से 27 फरवरी तक जिला स्तरीय शिवरात्रि महोत्सव होगा।
बिझड़ी विकास खंड के तहत शिवपुरी धाम समताना में भी भव्य पूजन होगा और रात्रि में भगवान शिव और भगवान बुद्ध की सोलह प्रकार की विशेष पूजा की जाएगी। इस पूजा में लगभग 500 लोग एक साथ भाग लेंगे।
इसी प्रकार गसोता महादेव में छोटा महाकुम्भ आयोजित किया जाएगा। यहां बने नवनिर्मित तालाब में छह लाख लीटर पानी भरकर शिवरात्रि के दिन स्नान की व्यवस्था की जा रही है।
वहीं, जिला सिरमौर के विभिन्न शिवालयों में शिवरात्रि पर्व को लेकर विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। नाहन, पांवटा साहिब के प्रसिद्ध शिवालयों में शिवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा।