दैनिक जनवार्ता
कालाअंब (सिरमौर)। जिला सिरमौर के प्रसिद्ध शक्तिपीठ त्रिलोकपुर में स्थित माँ बाला सुंदरी हाट में महिला संस्था घरेलू पौष्टीक उत्पाद तैयार और विक्रय कर रही है। इन उत्पादों में मुख्य रूप से अचार, पापड़, फूलों से तैयार धूप, जैविक खाद, कपड़े के थैले और अन्य उत्पाद शामिल हैं। संस्था से जुड़ी लगभग 15 महिलाएं मिलकर इन उत्पादों का निर्माण कर रही हैं। खाद्य पदार्थ स्वादिष्ट होने के साथ साथ स्वास्थ्य के लिए भी लाभप्रद हैं। इन उत्पादों में किसी प्रकार का कोई रासायनिक पदार्थ प्रयोग नहीं किया जाता। संस्था की पदाधिकारी/सदस्या सीमा शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि त्रिलोकपुर में माँ बालासुंदरी हाट को मंदिर न्यास और जिला प्रशासन का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। इसमें खाद्य पदार्थों के अलावा थैले, गोबर से निर्मित खाद, फूलों से बनाई गई शुद्ध हर्बल धूप उपलब्ध है। संस्था की 15 महिलाएं अपने हुनर से स्थानीय स्तर पर उपलब्ध सामग्रीयों का उपयोग करके इन उत्पादों को तैयार कर रही हैं। उन्होंने बताया कि हमारी संस्था का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ साथ लोगों को स्वास्थ्य के लिए लाभदायक उत्पाद उपलब्ध कराना है। फिलहाल चुनिंदा उत्पाद तैयार और विक्रय किए जा रहे हैं।
Sirmaur : माँ बाला सुंदरी हाट त्रिलोकपुर में मिल रहे शुद्ध हर्बल उत्पाद, जायका ऐसा कि रहे याद
