दैनिक जनवार्ता
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के मुख्य चौक पर आए दिन जाम लग रहा है। इस जाम का प्रभाव त्रिलोकपुर और नाहन रोड़ पर भी पड़ रहा है। शनिवार दोपहर को भी कालाअंब मुख्यचौक पर कुछ ऐसी ही स्थिति बनी रही, जिससे कालाअंब से मैनथापल तक सारा यातायात ठप हो गया। कालाअंब – त्रिलोकपुर रोड़ पर भी जाम लगा रहा। लिहाजा, कालाअंब थाना प्रभारी कुलवंत सिंह को टीम सहित स्वयं चौक पर आकर जाम खुलवाना पड़ा। बता दें कि कालाअंब हिमाचल – हरियाणा की सीमा पर होने के कारण टोल टैक्स बैरियर पर दिन भर वाहनों की आवाजाही लगी रहती है। कालाअंब मुख्य चौक से हरियाणा क्षेत्र के दो हाईवे जुड़ते हैं, जिनके कारण बैरियर से कुछ दूरी पर हरियाणा की सीमा में यमुनानगर और नारायणगढ़ की ओर से आने वाले वाहन जाम लगा देते हैं। हरियाणा क्षेत्र में जाम लगने से हिमाचल क्षेत्र में भी वाहनों का लम्बा जाम लग जाता है। हैरत की बात है कि हरियाणा क्षेत्र में जाम खुलवाने के लिए कोई प्रबंध नहीं है। लिहाजा, हिमाचल पुलिस को स्वयं ही जाम खुलवाने के लिए भागदौड़ करनी पड़ रही है। थाना प्रभारी कालाअंब कुलवंत सिंह ने बताया कि हरियाणा क्षेत्र में जाम लगने से कालाअंब चौक पर जाम लग रहा है। जल्द ही हरियाणा पुलिस के साथ इस मुद्दे पर विचार विमर्श किया जाएगा।
Sirmaur : औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में लग रहा जाम, हरियाणा क्षेत्र में यातायात नियंत्रण की कोई व्यवस्था नहीं
