Advertisement

Big News : अवैध खनन मामले मैं ईडी की बड़ी कार्रवाई, दो व्यक्ति गिरफ्तार

🔴DJN Himachal News
शिमला। ईडी मुख्यालय ने हिमाचल में ब्यास नदी और यूपी में यमुना नदी से संबंधित अवैध खनन मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों को मंगलवार को विशेष न्यायालय गाजियाबाद में पेश किया गया। जानकारी के मुताबिक ईडी को अवैध खनन मामले में खुफिया सूचना मिली थी, जिसमें यह दावा किया गया था कि उक्त आरोपी सहित कई खनन माफियाओं द्वारा ब्यास नदी से अवैध रेत और खनिज खनन किया जा रहा है। इस अवैध खनन कारोबार से करोड़ों रुपये की आपराधिक आय एकत्रित की गई है। लिहाजा, ईडी ने अवैध खनन से संबंधित हिमाचल के जिला कांगड़ा और ऊना के विभिन्न पुलिस थानों में दर्ज छह मामलों के आधार पर जांच शुरू की। उक्त थानों में दर्ज मामलों में आरोप लगाया गया था कि सरकारी भूमि पर अवैध खनन गतिविधियां हो रही हैं और हिमाचल प्रदेश के ऊना और कांगड़ा जिलों में पोकलेन, जेसीबी, टिप्पर और ट्रैक्टर अवैध खनन में लगे हुए हैं। ये वाहन खनिजों को अवैध तौर पर स्टोन क्रशरों तक पहुंचा रहे थे। बहरहाल उक्त आरोपी और अन्य के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत हाल ही में पुलिस थाना बेहट, सहारनपुर में एक और मामला भी दर्ज किया गया है। जांच के दौरान हिमाचल और सहारनपुर में मुख्य आरोपी और उसके साथियों समेत कई खनन माफियाओं के ठिकानों की तलाशी ली गईं और कई लोगों से पूछताछ भी की गई। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी और उसके साथी ब्यास नदी और यमुना नदी में अवैध खनन कार्यों में शामिल हैं। अवैध खनन से प्राप्त अपराधिक आय का उपयोग अचल संपत्तियों और खनन मशीनरी खरीदने में किया गया है।