🟩DJN, Himachal Pradesh News/Sirmaur
नाहन। जिला मुख्यालय नाहन में जिला परिषद की त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई। जिप अध्यक्षा सीमा कन्याल ने इस त्रैमासिक बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने कहा कि जनता की भावनाओं के अनुरूप जो भी सदस्य किसी समस्या अथवा मामले को उठाते हैं, उनका समाधान निश्चित अवधि में होना चाहिए। तभी ग्रास रूट तक लोगों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि जिन कार्यों अथवा मामलों में वित्तीय व्यय बहुत आंशिक है, उनका निपटारा समय पर किया जाना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि परिषद की यह बैठकें जनहित में अत्यंत महत्वपूर्ण हैं और सभी सक्षम अधिकारियों को इसमें अपनी उपस्थिति सुनिश्चित बनानी चाहिए। बैठक में उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि लोगों को सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं और बिजली इत्यादि मूलभूत सुविधाएं मिलती रहनी चाहिए। इसलिए संबंधित विभाग के उच्चाधिकारी लोगों द्वारा चुने गए सदस्यों द्वारा रखी गई लोगों की मांगों और समस्याओं पर व्यक्तिगत संज्ञान लेना सुनिश्चित करें। जिला परिषद अध्यक्षा सीमा कन्याल ने बैठक में उठाऊ पेयजल योजना बडोल के बारे में जानकारी मांगी। इस बाबत अधिशाषी अभियन्ता जल शक्ति और अधिशासी अभियन्ता विद्युत नौहराधार ने बताया कि इस योजना का 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया गया है। तीन माह में इस योजना के कार्य को पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होंने जुईनीधार, ग्राम पंचायत भलाड भलौना व लाना पालर के गांव में पानी की समस्या आदि को बैठक में रखते हुए संबंधित अधिकारियों से इन पर कार्रवाई करने का आग्रह किया।
इस बैठक के दौरान जिला परिषद सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं और मांगो को भी उठाया। उन्होंने विभिन्न स्कूलों में अध्यापकों के रिक्त पदों, घरों के ऊपर से गुजर रही बिजली की तारों को हटाने, आईआरडीपी में गलत लोगों के चयन के मामले भी उठाए। इस बैठक में जिला परिषद उपाध्यक्षा अंजना शर्मा, खंड विकास समितियों के अध्यक्ष, खंड विकास अधिकारी, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज अधिकारियों के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
🟩HP News : जिला परिषद की त्रैमासिक बैठक नाहन में आयोजित, उठाए गए मुद्दे और दिए गए दिशा निर्देश
33
