🔴📰DJN, Himachal Pradesh News
नाहन (सिरमौर)। उप मंडल संगड़ाह में एक टिप्पर के दुर्घटनाग्रस्त होने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मृत्यु हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की शिनाख्त रणजीत सिंह (70), निवासी जगाधरी (हरियाणा) के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक रणजीत सिंह वालिया कंपनी में मैकेनिक का कार्य करता था। शुक्रवार को वह किसी गाड़ी को ठीक करने के लिए जा रहा था। इसी बीच वह हादसे का शिकार हो गया। घायलों में चालक संदीप और एक अन्य व्यक्ति अर्जुन गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को ददाहू अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज नाहन भेज दिया गया। हादसा सुबह करीब 9:00 बजे पेश आया, जब टिप्पर नंबर एचपी 71- 44 47 माईन मार्ग पर पत्थर से लदी गाड़ी लेकर जा रहा था। इस दौरान चढ़ाई में अचानक गाड़ी पीछे की ओर खिसकने लगी और करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। ग्रामीणों की मदद से घायलों को खाई से निकाल कर ददाहू अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस थाना प्रभारी मंशा राम ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गाड़ी में तीन लोग सवार थे। इनमें से एक व्यक्ति की मौत हुई है और दो घायल हुए हैं। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए नाहन मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया है।
हादसा : उपमंडल संगड़ाह में टिप्पर खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत, दो अन्य घायल
12
