🔴📰DJN Himachal Pradesh News
कालाअंब (सिरमौर)। भारतीय खाद्य निगम के कालाअंब स्थित गोदाम में दो वर्षों से धान खरीद केंद्र में धान की खरीद न होने से स्थानीय किसानों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के मुताबिक पिछले वर्ष भी निगम ने धान खरीद केंद्र कालाअंब में धान की खरीद नहीं की और इस वर्ष भी कोई धान की खरीद नहीं की जा रही। इससे सैनवाला, कटोला, सलानी, बर्मा पापड़ी, पालियों, रामपुर, चूड़न, टोका साहिब के किसानों को दिक्कतें पेश आ रही हैं। कालाअंब धान खरीद केंद्र में खरीद न होने से उन्हें हरियाणा की मंडियों की ओर रुख करना पड़ रहा है। जिससे किसानों के समय के साथ साथ अन्य खर्चों में बढौतरी हो रही है। दूसरे, बड़ी मंडियों में उन्हें धान बेचने के लिए दो – तीन दिन इंतजार भी करना पड़ रहा है। ग्राम पंचायत कालाअंब प्रधान रेखा चौधरी ने बताया कि भारतीय खाद्य निगम के कालाअंब स्थित धान खरीद केंद्र में पिछले वर्ष की भांति इस बार भी धान खरीद की कोई प्रक्रिया नहीं की जा रही है। लिहाजा स्थानीय किसानों को हरियाणा की दूरदराज की मंडियों में जाना पड़ रहा है। इसमें किसानों के धन और समय की बर्बादी हो रही है। भारतीय खाद्य निगम कालाअंब के अधिकारी इंद्र चौहान ने बताया कि कालाअंब धान खरीद केंद्र में किसान फसल बेचने के लिए नहीं आ रहे थे। इसलिए जिला सिरमौर में पांवटा साहिब और धौला कुआं में ही खरीद केंद्र स्थापित किए गए।
Himachal News : भारतीय खाद्य निगम कालाअंब के धान खरीद केंद्र में इस बार भी नहीं हुई धान की खरीद, स्थानीय किसानों को हो रही भारी परेशानी
8
