नाहन (सिरमौर)। जिला मुख्यालय नाहन सहित पांवटा साहिब, रेणुका जी और सराहां में रविवार को वामन द्वादशी के अवसर पर मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान विष्णु अवतार भगवान वामन सहित विभिन्न मंदिरों से आई देव पालकियों की शोभायात्रा निकाली गई। वामन द्वादशी मेला रियासत काल से मनाए जाने की परंपरा आज भी प्रचलित है। शोभायात्रा शहर के विभिन्न हिस्सों से होते हुए पक्का तालाब पहुंची। नाहन के विधायक अजय सोलंकी भी शोभायात्रा में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने देवपालकियों को कंधा दिया व लोगों को वामन जयंती की शुभकामनाएं भी दी। तदोपरांत, नाहन के पक्का तालाब में भगवान वामन अवतार को नौका विहार करवाया गया। हालांकि मौसम ने अपने पुरे तेवर दिखाए लेकिन श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं हुई। नाहन के मंदिरों से आए नौ पालनो में विराजमान भगवान के स्वरूप मेले की शोभा रहे। ददाहू में भी भगवान वामन की शोभायात्रा निकाली गई। गिरी नदी में भगवान वामन की पालकी को जलविहार कराया गया। सराहां में भी प्रदेश स्तरीय वामन द्वादशी मेला आयोजित किया गया। इसमें भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने देव पालकियों को माथा टेक आशीर्वाद प्राप्त किया।
Sirmaur : जिले भर में मनाया गया वामन द्वादशी महोत्सव, निकाली गई शोभायात्रा
11
