कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब की एक्साइज कॉलोनी में सफाई का कोई पुख्ता इंतजाम न होने से जगह जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। नालियों का गंदा पानी मुख्य गलियों में बह रहा है। जिससे मक्खी मच्छर पनप रहे हैं और वातावरण दूषित हो रहा है। कॉलोनी वासियों ने सफाई को लेकर एक मांग पत्र ग्राम पंचायत प्रधान को सौंपा है। कॉलोनी निवासी सोनू राणा, विजय, आरिफ और सलीम ने बताया कि एक्साइज कॉलोनी में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है। नालियों का पानी गलियों में बह रहा है। कॉलोनी में कई उद्योगपति भी रहते हैं। इसके अलावा एक निजी स्कूल और विद्युत विभाग का कार्यालय भी यहीं पर है। गंदगी की वजह से मक्खी मच्छर भारी तादाद में पैदा हो रहे हैं। इससे बीमारियों के पनपने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने बताया कि अगर कॉलोनी की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त न किया गया तो मजबूरन उन्हें आंदोलन करना पड़ेगा। ग्राम पंचायत प्रधान को इस बारे मांग पत्र सौंपा गया है। यदि उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया तो जिला उपायुक्त को इसकी शिकायत की जाएगी। कालाअंब ग्राम पंचायत प्रधान रेखा चौधरी ने बताया कि पंचायत के पास बजट की दरकार है, साथ ही सफाई कर्मी भी नहीं है। कॉलोनी वासियों की समस्या के समाधान के लिए खंड विकास अधिकारी नाहन को अवगत कराया जायेगा।
Sirmaur : कालाअंब की एक्साइज कॉलोनी में गंदगी का आलम, सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग
13
