नाहन (सिरमौर)। नाहन विकास खंड की ग्राम पंचायत बर्मा पापड़ी में चार दिन से पेयजल संकट छाया हुआ है। लोग नदी नालों का पानी पीने को विवश हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि बर्मा पापड़ी की पेयजल आपूर्ति योजना की विद्युत मोटर खराब हो जाने की वजह से पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। ऐसे में लोगों को नदी – नालों से पानी ढोना पड़ रहा है। विभाग के पास अन्य मोटर का विकल्प भी नहीं है। विभाग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक पेयजल आपूर्ति योजनाओं में अतिरिक्त विद्युत मोटर के लिए सरकार के पास बजट नहीं है। बहरहाल, ग्रामीणों को पेयजल का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण महिलाओं में रेशमा देवी, शैलेंद्र देवी, उषा देवी, अनिता देवी और कविता सहित समस्त ग्राम वासियों ने बताया कि क्षेत्र में 4 दिन से पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है। स्कूल कालेज जाने वाले बच्चे बिना नहाए धोए जा रहे हैं। ग्रामीणों की समस्या की ओर कोई भी प्रशासनिक अधिकारी, नेता, विधायक आदि ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने विभाग से मांग की है कि जल्द उक्त क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति बहाल की जाए। साथ ही एक अन्य विद्युत मोटर की व्यवस्था की जाए। ग्राम पंचायत बर्मा पापड़ी के प्रधान शेर सिंह ने बताया कि क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति ठप होने की सूचना उन्हें मिली है। क्षेत्र में 4 दिन से पानी नहीं आ रहा है। उन्होंने कहा कि इस बारे में जिला प्रशासन को अवगत कराया जाएगा।
Sirmaur : ग्राम पंचायत बर्मा पापड़ी में छाया पेयजल संकट, ग्रामीणों ने विभाग से पेयजल आपूर्ति बहाल करने की लगाई गुहार
10
