Home राजनीति Himachal News : मुख्यमंत्री सुक्खू ने हमीरपुर में 184 करोड़ रुपए की विकासात्मक परियोजनाओं का किया उद्घाटन

Himachal News : मुख्यमंत्री सुक्खू ने हमीरपुर में 184 करोड़ रुपए की विकासात्मक परियोजनाओं का किया उद्घाटन

by Dainik Janvarta
0 comment

हमीरपुर। प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने जिला हमीरपुर में 184 करोड़ रुपये लागत की विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन किए। इस दौरान नादौन क्षेत्र के खरीड़ी में 65 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक बहुद्देश्यीय खेल परिसर की आधारशिला रखी गई। इस आधुनिक परिसर में 8 लेन वाला स्विमिंग पुल, एक शूटिंग रेंज, साथ ही कुश्ती, मुक्केबाजी, कबड्डी, योग, टेबल टेनिस और बैडमिंटन जैसे खेलों के लिए विशेष स्थान निर्मित होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए राज्य के अन्य भागों में भी इस तरह के बहुउद्देशीय खेल परिसरों का निर्माण कर रही है। इस दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू ने युवाओं को नशे से दूर रखने और स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली के लिए खेलों के महत्त्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि यह खेल परिसर युवा प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने के लिए प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक होगा। मुख्यमंत्री ने 4.50 करोड़ रुपये की लागत से धनपुर और कृषि परिसर हमीरपुर में दो नए किसान प्रशिक्षण केन्द्रों की आधारशिला रखी। यह केन्द्र किसानों के कौशल विकास और आधुनिक कृषि पद्धतियों के बारे में जागरूक करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रमों में किसानों को लघु सिंचाई तकनीकों, फसल विविधिकरण और उन्नत सब्जी उत्पादन विधियों जैसे विषयों के बारे में जानकारी प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि इसके अलावा यह केन्द्र कृषि विकास संघों और किसान उत्पादक समूहों के गठन और सुदृढ़ बनाने में भी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और उन्हें सतत् व्यावसायिक इकाइयों में परिवर्तित करेगा। सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने 35 करोड़ रुपये की लागत से भट्टा – सलौणी – दियोटसिद्ध, 49 करोड़ रुपये की लागत से रंगस – कांगू – धनेटा सड़क, 5.67 करोड़ रुपये की लागत से गेड़ियां – बड़ैत्तर और 16 करोड़ रुपये की लागत से पनियाला – कश्मीर व धनेटा – बड़सर सड़क में सुदृढ़ीकरण कार्य की आधारशिला रखी। इन सड़कों के सुदृढ़ीकरण से क्षेत्र के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिलेंगी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कृषि विज्ञान केन्द्र बड़ा में 1.31 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले उत्कृष्टता केन्द्र का उद्घाटन किया। इस सुविधा से हमीरपुर जिला व साथ लगते क्षेत्र के किसानों को उच्च गुणवत्तायुक्त सब्जियों के पौधे मिलेंगे। उन्होंने कहा कि प्रगतिशील किसानों के लिए 1400 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र में वार्षिक 3.50 लाख पौधों का उत्पादन किया जाएगा।
प्रदेश सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के प्रयास कर रही है और ग्रामीण क्षेत्र में सुविधाओं का विस्तार कर रही है। प्राकृतिक खेती से उत्पन्न गेंहू को 40 रुपये तथा मक्की को 30 रुपये प्रति किलोग्राम की दर पर खरीदा जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भैंस के दूध को 55 रुपये प्रति लीटर तथा गाय के दूध को 45 रुपये प्रति लीटर की दर से खरीद रही है। इसके अलावा कांगड़ा जिला के ढगवार में 250 करोड़ की लागत से आधुनिक दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र स्थापित किया जा रहा है। इस संयंत्र की शुरूआती क्षमता 1.50 लाख लीटर प्रतिदिन होगी, जिसे तीन लाख प्रतिलीटर की क्षमता तक बढ़ाया जा सकता है। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने बागवानी एवं वानिकी महाविद्यालय नेरी में 3.46 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित स्नातकोत्तर खंड का उद्घाटन किया। उन्होंने महाविद्यालय में 3.62 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले कन्या छात्रावास की भी आधारशिला रखी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बागवानी एवं वानिकी महाविद्यालय नेरी के विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। मुख्यमंत्री ने नादौन में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि शिमला जिला के रामपुर क्षेत्र के निकट तकलेच में बादल फटने से सड़क, पुल और पेयजल योजनाओं को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने कल रात ही अधिकारियों को इस संबंध में शीघ्र ही उचित कदम उठाने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र के लोगों को किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।

You may also like

About Us

दैनिक जनवार्ता एक निष्पक्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पित वेब न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सच्ची, निर्भीक और संतुलित पत्रकारिता के माध्यम से भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना है। हम जाति, धर्म, लिंग, भाषा और संप्रदाय से ऊपर उठकर निष्पक्ष खबरें प्रस्तुत करते हैं। स्वैच्छिक संवाददाताओं की टीम के सहयोग से हम राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए विश्वसनीय सूचना जन-जन तक पहुँचाने का मिशन चला रहे हैं।

Contact for Design your website - 9318329982
Anshul Gupta
Software Engineer

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed DainikJanvarta

Adblock Detected

Please support us by disabling your AdBlocker extension from your browsers for our website.