Advertisement

Himachal News : 75 साल की आयु पूरी कर चुके पेंशनरों को मिलेगा पूरा एरियर, मुख्यमंत्री ने की घोषणा

शिमला। हिमाचल प्रदेश के देहरा में राज्य स्तरीय स्वतंत्रता समारोह आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ध्वजारोहण के बाद प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए ऐलान किया कि प्रदेश में 75 साल की उम्र पूरी कर चुके सभी पेंशनरों को पूरा एरियर दिया जाएगा। इसके अलावा कर्मचारियों और अधिकारियों की देनदारियों को भी चरणबद्ध तरीके से निपटाया जाएगा। सीएम सुक्खू ने कहा कि सरकार की खराब आर्थिक स्थिति को प्रदेश के विकास के लिए बाधक नहीं बनने दिया जाएगा।
विदित हो कि प्रदेश के कर्मचारी लंबे समय से डीए का इंतजार कर रहे हैं। हिमाचल में 1 जनवरी 2023 से कर्मचारियों के डीए का 12 फीसदी एरियर की तीन किस्तों का भुगतान बाकी है। लिहाजा, कर्मचारी लंबे समय से एरियर मिलने का इंतजार कर रहे हैं। प्रदेश में सुक्खू सरकार के आने के बाद कर्मचारियों को एक भी डीए की किस्त नहीं मिली। ऐसे में सभी को इंतजार था कि शायद सरकार स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कम से कम डीए की एक किस्त जारी कर दे। 15 अगस्त को सुक्खू सरकार ने 75 साल की उम्र पूरी कर चुके पेंशनरों को आजादी का तोहफा दे दिया है। बता दें कि इस बार राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस देहरा में मनाया गया। देहरा में पहली बार राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। देहरा सीएम सुक्खू की धर्मपत्नी कमलेश ठाकुर का निर्वाचन क्षेत्र है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने देहरा में बिजली विभाग और जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता कार्यालय खोले जाने की भी घोषणा की है।