दैनिक जनवार्ता
देहरादून। भारी बारिश ने उत्तराखंड में काफी तबाही मचाई है। उत्तराखंड के यमुनोत्री धाम में अस्थाई पुल टूट गया है। जानकारी के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान मूसलाधार बारिश और भूस्खलन से उत्तराखंड के यमुनोत्री धाम और उसके अंतिम पड़ाव जानकी चट्टी में काफी नुकसान हुआ है। यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से यमुनोत्री मंदिर परिसर के एक भाग को नुकसान पहुंचा है।
उत्तरकाशी के यमुनोत्री क्षेत्र में वीरवार मध्य रात्रि को शुरू हुई मूसलाधार बारिश शुक्रवार तक जारी रही। इसके चलते भूस्खलन और यमुना का जलस्तर बढ़ गया, जिससे मंदिर परिसर सहित अस्थाई पुल, सुरक्षा दीवार, रसोई और पुरोहित सभा कक्ष को नुकसान पहुंचा है।
यमुनोत्री पुरोहित महासभा के अध्यक्ष पुरुषोत्तम उनियाल ने बताया कि नदी के तूफान पर आने से रसोई घर भी क्षतिग्रस्त हो गया है। एसडीआरएफ की टीम यमुनोत्री क्षेत्र में तैनात की गई है। लिहाजा, टीम ने वीरवार की रात को ही खतरे वाले स्थानों से लोगों को हटा दिया था।