Advertisement

Sirmaur : डीपीई संघ के चुनाव को लेकर उपजा विवाद, नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने रखा अपना पक्ष

दैनिक जनवार्ता
नाहन (सिरमौर)। जिला मुख्यालय नाहन में 21 जुलाई को संपन्न हुए डीपीई संघ के चुनाव को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। जहां पूर्व अध्यक्ष ने इसे असंवैधानिक करार दिया, वहीं नवगठित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए पूर्व अध्यक्ष पर निशाना साधा।

इस बाबत मंगलवार को नवगठित कार्यकारिणी के अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों ने नाहन में प्रेस वार्ता की। मीडिया के समक्ष नवनियुक्त अध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि संघ के चुनाव नियमानुसार और सर्वसम्मति से संपन्न हुए हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व अध्यक्ष दिनेश शर्मा द्वारा लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि दिनेश शर्मा 2019 से डीपीई संघ जिला सिरमौर के अध्यक्ष पद पर जबरदस्ती आसीन थे, जिन्हें कई बार चुनाव करवाने को लेकर कहा गया। लेकिन आनाकानी करते हुए वह हमेशा चुनाव को टालते रहे। इसके बाद डीपीई संघ की बैठक हुई और सभी ने नई कार्यकारिणी गठित करने के लिए पूरे जोर से मांग रखी। इस दौरान पूर्व अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित किया गया।

उन्होंने कहा कि पूर्व अध्यक्ष स्वयं भी इस चुनाव में शामिल हुए थे। लेकिन चुनाव खत्म होने के बाद वह मीडिया के माध्यम से इस चुनाव को असंवैधानिक करार दे रहे हैं। जिला अध्यक्ष संजय कुमार और वरिष्ठ उपाध्यक्ष भविंद्र सिंह ने कहा कि ये चुनाव सभी सदस्यों की सहमति से ही कराए गए हैं। सबकी सहमति से ही नियमानुसार नई कार्यकारिणी का गठन किया गया है। 40 सदस्यों ने इस प्रक्रिया में हिस्सा लिया।

उन्होंने ये भी कहा कि जिला सिरमौर डीपीई संघ की कार्यकारिणी से एमपीएड वाले डीपीई ने सभी पदों से त्यागपत्र देकर नई एसोसिएशन गठित कर ली थी। इसके बाद पूर्व अध्यक्ष ही पुरानी कार्यकारिणी में थे, जो न तो पिछले छह साल से चुनाव करवा रहे थे और न ही पद छोड़ रहे थे। इसी कारण नई कार्यकारिणी का चुनाव किया गया है। इस मौके पर अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।