दैनिक जनवार्ता
नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर में विश्व जनसंख्या सप्ताह के अंतर्गत मैनकाइंड फार्मा के सहयोग से ममता हेल्थ इंस्टीट्यूट की ओर से स्वास्थ्य खंड धगेड़ा और राजपुर के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुंडियों, हेल्थ वेलनेस सेंटर कोटड़ी व्यास, गिरी नगर, अजोली, मोगीनंद, सैनवाला, बिरला, रामा, बिक्रम बाग, धार क्यारी और कांशी वाला में गर्भनिरोधक (कंडोम) बॉक्स लगाए गए। इन बक्सों को लगाने का मुख्य उद्देश्य परिवार नियोजन के संसाधनों से लोगों को अवगत कराना है।
ममता एचआईएमसी के राज्य टीम प्रभारी डॉ. गौरव सेठी ने बताया कि वैश्विक जनसंख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। इसी के मद्देनजर विश्व स्तर पर परिवार नियोजन कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में जिला सिरमौर के स्वास्थ्य खंड धगेड़ा और राजपुर के हेल्थ वेलनेस सेंटरों में गर्भ निरोधक (कंडोम) बॉक्स लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि अक्सर देखा गया है कि गर्भ निरोधक संसाधनों का लोगों को पता होता है लेकिन लोग हेल्थ वेलनेस सेंटरों या स्वास्थ्य उपकेंद्रों में इनको मांगने में संकोच करते हैं।
लिहाजा, गर्भ निरोधक बॉक्स स्थापित होने से लोग खुद इनसे गर्भ निरोधक (कंडोम) ले सकेंगे। बढ़ती जनसंख्या के अलावा महिलाओं के स्वास्थ्य सुधार और संचारी यौन रोगों को रोकने के लिए भी ये बॉक्स कारगर सिद्ध होंगे।
