दैनिक जनवार्ता
नाहन (सिरमौर)। उपायुक्त सिरमौर सुमित खिमटा ने स्वास्थ्य एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए खाद्य पदार्थों का नियमानुसार निरीक्षण और सैंपलिंग सुनिश्चित बनाएं। बरसात सीजन के दौरान खाद्य पदार्थों, फलों, सब्जियों की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने सभी कारोबारियों को भी खाद्य सुरक्षा अधिनियम की अनुपालना के आदेश दिए।
उपायुक्त सुमित खिमटा शुक्रवार को नाहन में फूड सेफ्टी एंड स्टेंडर्ड एक्ट 2006 के तहत आयोजित जिला स्तरीय सलाकार समिति की बैठक की अध्यक्ष कर रहे थे। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अनुसार प्रत्येक कारोबारी, डिपो होल्डर, मिड डे-मील, शराब के ठेकेदार, केटरिंग करने वाला कारोबारी, मेला, स्टाल, लंगर, आंगनबाड़ी केंद्रों को खाद्य सुरक्षा लाइसेंस लेना अनिवार्य है।
बाहरी राज्यों से आने वाले फ्रूट और सब्जी विक्रेता जो वाहनों के माध्यम से अपना सामान बेचते हैं, उनके खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर लगातार नजर बनाए रखें। राष्ट्रीय उच्च मार्ग, अन्य मुख्य मार्ग सहित शहरी क्षेत्रों में फूड व्हीकल के माध्यम से खाद्य पदार्थों के विक्रय करने का प्रचलन बढ़ रहा है। ऐसे विक्रय पदार्थों की गुणवत्ता हमेशा संदेह के घेरे में रहती है। उन्होंने कहा कि इन खाद्य पदार्थ विक्रेताओं को फूड सेफ्टी एक्ट के तहत अनिवार्य रूप से लाइसेंस लेना सुनिश्चित बनाया जाए और साथ ही स्वच्छता का ध्यान रखने के लिए बाध्य किया जाए।
उपायुक्त सुमित खिमटा ने कहा कि नाहन में शहर में स्लाटर हाउस की समस्या लंबे समय से चली आ रही है। उन्होंने कहा कि विभिन्न नागरिक समूहों ने शहर में स्लाटर हाउस बनाने की बार-बार मांग रखी है। उन्होंने नगर परिषद नाहन को स्लॉटर हाउस की समस्या का समाधान शीघ्र करने के निर्देश दिए। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मीट विक्रय करने वाले दुकानदारों के लिए फूड सेफ्टी के तहत लाइसेंस प्राप्त करना अनिवार्य है। उन्होंने स्वास्थ्य और फूड सेफ्टी अधिकारियों से मीट की गुणवत्ता और दुकान की साफ सफाई की नियमित जांच के निर्देश दिए।
उपायुक्त सिरमौर सुमित खिमटा ने बताया कि जिला में शीघ्र ही मोबाइल फूड टेस्टिंग सेवा शुरू की जाएगी, जिसके लिए वाहन उपलब्ध हो गया है। उन्होंने कहा कि इस मोबाइल फूड टेस्टिंग वाहन से विभिन्न खाद्य पदार्थों के सैंपल एकत्रित करने में सुविधा होगी।
बैठक के दौरान उपायुक्त आबकारी एवं कराधान हिमांशु आर पी ⅞पंवर, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुनील शर्मा, जिला स्वास्थ्य अधिकारी नासिर अहमद, उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा राजीव ठाकुर, उप निदेशक उच्च शिक्षा अजीत चौहान, उप पुलिस अधीक्षक रमाकांत ठाकुर, खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रियंका कश्यप के अलावा होटल, उद्योग और अन्य कारोबारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।
