दैनिक जनवार्ता
सिरमौर : सिरमौर जिला के उपमंडल संगड़ाह के कालथ में शनिवार सुबह पहाड़ी से एक चट्टान चलती निजी बस पर आ गिरी। हादसे में एक महिला घायल हुई है। गनीमत ये रही कि बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के मुताबिक एक निजी बस शनिवार सुबह बड़ग से संगड़ाह की तरफ जा रही थी। कालथ के समीप पहुंचते ही पहाड़ी से भारी भरकम चट्टान बस पर आ गिरी। इससे बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के वक्त बस में काफी लोग सवार थे। इस घटना में एक महिला घायल हुई है।
सनद रहे कि प्रदेश में बारिश का दौर जारी है। पहाड़ी क्षेत्रों में जगह-जगह भूस्खलन हो रहे हैं। भूस्खलन के चलते सड़कें बंद हो रही हैं, तो कई जगह पहाड़ी से पत्थर और चट्टानें गिर रही हैं। ऐसे में सड़कें खतरनाक साबित हो रही हैं। जिला सिरमौर की कई सड़कों पर भी बरसात के मौसम में भूस्खलन का खतरा बढ़ रहा है।
