दैनिक जनवार्ता
नाहन (सिरमौर)। जिला मुख्यालय नाहन की ग्राम पंचायत कौलांवालाभूड़ के कोटड़ी गांव के एक व्यक्ति पर तेंदुए ने दिनदहाड़े हमला कर दिया। घायल व्यक्ति का उपचार मेडिकल कालेज नाहन में चल रहा है। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार कोटड़ी गांव का अख्तर अली मंगलवार दोपहर बाद करीब तीन बजे साथ लगते जंगल में बकरियां चराने गया ही था कि अचानक तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। इससे वह बुरी तरह लहुलूहान हो गया। इस बीच उसके जोर-जोर से चिल्लाने के आवाजें सुनकर लोग जंगल की ओर भागे, जहां अख्तर अली घायल हालत में मिला। उसे 108 एंबुलेंस के माध्यम से मेडिकल कालेज नाहन पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है।
पंचायत के पूर्व प्रधान धनबीर ठाकुर ने बताया कि जंगल में बकरियां चराते वक्त अख्तर पर तेंदुए ने हमला कर दिया। इसके बाद उसे एंबुलेंस से मेडिकल कालेज नाहन भेजा गया। तेंदुए ने अख्तर के मुंह और बाजू को काफी जख्मी किया है।