दैनिक जनवार्ता
नाहन (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में शुक्रवार को दो अलग अलग आगजनी की घटनाओं में लाखों का नुकसान हो गया। जानकारी के मुताबिक कालाअंब के एक दवा उद्योग में आग लगने से लाखों का नुकसान हो गया। जबकि एक करोड़ की संपत्ति को बचा लिया गया। इस भीषण अग्निकांड पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की टीम को तीन से साढ़े तीन घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर चौकी कालाअंब से लीडिंग फायरमैन राजेश कुमार की अगुवाई में टीम तुरंत मौके पर पहुंची। कंपनी में लगी भीषण आग को देखते हुए नाहन से भी फायर टैंडर मंगवाया गया। दोपहर बाद टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस अग्रिकांड से फैक्टरी का पीवीसी फॉयल कार्टन, रॉ मेटीरियल, कॉटिंग की गईं टेबलेट्स, 20 कंप्यूटर, 20 टेबल, 20 कुर्सियां, एएचयू और सीलिंग जलकर राख हो गई। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग ने आग पर काबू पाकर कंपनी की एक करोड़ रुपये की संपत्ति भी बचा ली है
फायर चौकी प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। इस दौरान विभाग की टीम में प्लाटून कमांडर कुलदीप सिंह, विक्रम सिंह, फायरमैन विकास कुमार, गृह रक्षक अशोक कुमार, चालक अरूण कुमार समेत नाहन से प्रशामक तपेंद्र सिंह और चालक नरेश कुमार शामिल रहे।
एक अन्य घटना में कालाअंब त्रिलोकपुर संपर्क सड़क पर रुचिरा पेपर मिल के पास एक ट्रक के कैबिन में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि ट्रक माल लेकर कालाअंब पहुंचा था। इस दौरान ओवर हीटिंग से ट्रक की कैबिन में आग लग गई। सूचना मिलते ही लीडिंग फायरमैन राजेश कुमार की टीम मौके पर पहुंची और ट्रक के कैबिन में लगी आग पर काबू पाया। आग से ट्रक मालिक को 40 हजार रुपये के नुकसान आकलन किया गया है। इस घटना से कैबिन, सीटें, वायरिंग और दोनों साइड अंदर से खिड़कियां जल गईं हैं। फायर चौकी प्रभारी राजेश कुमार ने घटना की पुष्टि की है।
Sirmaur : औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में आग लगने की दो घटनाओं में लाखों का नुकसान
33
