दैनिक जनवार्ता
नाहन (सिरमौर)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू खुद होम मिनिस्टर हैं पर उनके राज में हिमाचल पुलिस और कानून व्यवस्था की हालत खराब हो चुकी है। एक तरफ सिरमौर में पुलिस अधिकारी बेबस दिखाई दे रहे हैं और दूसरी तरफ चंबा में पुलिस अफसर की हत्या हो गई है। सिरमौर में अभी तक पुलिस कर्मी लापता है, जिसपर दबाव बनाया जा रहा था।
उन्होंने कहा कि किहार थाना से महज 80 मीटर की दूरी पर आईबी (इंटेलिजेंस ब्यूरो) के एएसआई की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक के सिर पर डंडे से प्रहार किया गया था। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण एएसआई सड़क पर बेसुध होकर गिर गया। घटना का पता बुधवार सुबह लगा, जब स्थानीय लोग वहां पहुंचे। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। इस घटना से ऐसा लगता है कि हिमाचल प्रदेश में कानून व्यवस्था भगवान भरोसे चल रही है।
उन्होंने कहा कि सिरमौर पुलिस के एक हेड कांस्टेबल का वीडियो सामने आया है। वीडियो में हेड कांस्टेबल एक मामले में पीड़ितों और अपने अधिकारियों पर आरोप लगा रहा है और मानसिक तनाव में होने की बात कर रहा है। वीडियो में हेड कांस्टेबल ने बताया कि मारपीट के मामले में वह धारा 307 कैसे लगाएंगे। फिर भी उन पर अफसर दबाव डाल रहे हैं।
आज यह पुलिस जवान लापता है, इस पुलिस जवान की जान पर खतरा मंडरा रहा है। बिंदल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में बंदूक की नोक पर लोगों को उठाया जा रहा है। फिरौती मांगी जा रही है। खनन माफिया के हौसले बुलंद हैं।
