Advertisement

Himachal Politics : ईवीएम मशीन से छेड़छाड़ न हुई तो कांग्रेस के पक्ष में आयेंगे चुनाव परिणाम, प्रतिभा सिंह का दावा

दैनिक जनवार्ता।
मंडी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष व सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव परिणाम एग्जिट पोल के विपरीत आएंगे और देश मे इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा है कि प्रदेश की चारों लोकसभा और छह विधानसभा उपचुनाव परिणाम भी कांग्रेस के पक्ष में आएंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 400 पार का नारा विफल हो गया है। भाजपा 400 तो क्या 200 भी पार नहीं कर पाएगी। प्रतिभा सिंह ने कहा कि चुनाव में भाजपा ने मुद्दों पर कोई बात नहीं की। मंहगाई और बेरोजगारी जैसे गंभीर मुद्दों पर भाजपा मौन रही।

प्रतिभा सिंह ने दावा करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता ने कांग्रेस के पक्ष में भारी मतदान किया है। उन्होंने कहा कि 4 जून को चुनाव परिणाम पूरी तरह कांग्रेस के पक्ष में ही आएंगे। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने चुनाव परिणाम प्रभावित करने के लिए जो हथकंडे अपनाए हैं वह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण हैं। अनाप शनाप बयानबाजी कर लोगों में भय पैदा करने का प्रयास किया गया।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को धनबल से कमजोर करने की कोशिश की गई, जबकि जनबल ने इसे पूरी तरह नकार दिया है।

प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस ने इन चुनावों को बड़ी मजबूती के साथ लड़ा है और प्रदेश के लोगों ने कांग्रेस के पक्ष में ही भारी मतदान किया है। उन्होंने कहा कि अगर ईवीएम से कोई छेड़छाड़ नहीं की गई तो देश के साथ-साथ प्रदेश के सभी उपचुनाव नतीजे कांग्रेस के पक्ष में होंगे। उन्होंने कहा कि मंडी संसदीय सीट पर विक्रमादित्य सिंह की भारी बहुमत से जीत होगी।