Advertisement

SIRMAUR : सिरमौर में बड़ा हादसा, पांवटा साहिब यमुना नदी में पंजाब के 3 युवक डूबे

दैनिक जनवार्ता
पांवटा साहिब (सिरमौर)। जिला सिरमौर के पांवटा साहिब में शुक्रवार शाम बड़ा हादसा हुआ, जहां प्रचंड गर्मी से निजात पाने यमुना नदी में नहाने उतरे पंजाब के तीन युवकों की डूबने से मौत हो गई। स्थानीय गोताखोरों ने तीनों युवकों के शव देर शाम नदी से निकाल लिए। हादसा पांच बजे के आसपास पांवटा साहिब में यमुना घाट के नजदीक हुआ।

जानकारी के मुताबिक पुलिस और स्थानीय प्रशासन को सूचना मिली कि दो-तीन लोग नदी में डूब गए हैं। लिहाजा, सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्च अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद तीनों शवों को नदी से बाहर निकाल लिया गया।

मृतकों की पहचान धरेंद्र सिंह सैनी उर्फ प्रिंस (22) पुत्र श्याम सिंह सैनी, निवासी मकान नंबर 1013, रोजवुड एस्टेट, बरवाला रोड़, सेक्टर 9 डेराबस्सी, जिला मोहाली (पंजाब), अभिषेक आजाद (21) पुत्र रमेश कुमार, निवासी मकान नंबर 2918/1, सेक्टर 9डी, चंडीगढ़ और राघव मिश्रा (21) पुत्र नन्हेलाल मिश्रा, निवासी मकान नंबर 1647, रोजवुड, फेज 2, डेराबस्सी के तौर पर हुई है।

पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। डीएसपी अदिति सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि तीनों शवों को गोताखोरों ने निकाल लिया है। तीनों के परिजनों को सूचित कर दिया है। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।