दैनिक जनवार्ता
नाहन (सिरमौर)। जिला मुख्यालय नाहन के ऐतिहासिक चौगान मैदान में शुक्रवार को पीएम मोदी का आगमन हुआ। इस दौरान विजय संकल्प रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मेरे लिए न नाहन नया है और न ही सिरमौर, लेकिन आज का माहौल नया है। यहां के अनुभव उनके लिए यादों की अमानत हैं। जब देश मोदी को जानता भी नहीं था, तब भी हिमाचल ने उनको आशीर्वाद और प्यार देने में कोई कमी नहीं रखी। समय बदला है लेकिन मोदी नहीं बदला है।
मोदी का हिमाचल से रिश्ता पुराना है। हिमाचल उनका घर है।उन्होंने कहा कि मुझे अपने लिए आशीर्वाद नहीं चाहिए, भारत को विकसित और ताकतवर बनाने के लिए आशीर्वाद चाहिए। देश में बीजेपी एनडीए की सरकार बननी पक्की हो चुकी है। देश में पांच चरण में चुनाव हो चुके हैं। हिमाचल की चारों सीटें भी भाजपा को मिलेगी।

पीएम मोदी की रैली में उपस्थित जन समूह
पीएम मोदी ने कहा कि भारत को जो स्पीड और स्केल चाहिए, वो सिर्फ भाजपा दे सकती है। सभी ने कांग्रेस का दौर देखा है, जब एक कमजोर सरकार देश में हुआ करती थी। पीएम मोदी ने कहा एक तरफ मोदी की गारंटी है और दूसरी तरफ कांग्रेस का बर्बादी का मॉडल। सत्ता पाने के लिए कांग्रेस ने हिमाचल के लोगों से खूब झूठ बोला और कहा कि पहली कैबिनेट में ये होगा वो होगा, लेकिन पहली कैबिनेट ही टूट-फूट गई।
मोदी ने कहा कि पहाड़ों ने मुझे अपना हौंसला बुलंद करना सिखाया तो बर्फीली पहाड़ियों ने ठंडे दिमाग से काम लेना सिखाया। वे मां भारती का अपमान सहन नहीं कर सकते। कांग्रेस को भारत माता की जय और वंदे मातरम कहने से भी दिक्कत है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन स्वार्थी और अवसरवादी हैं। ये घोर सांप्रदायिक, जातिवादी और परिवारवादी है। 60 वर्ष तक कांग्रेस ने सोचा ही नहीं कि सामान्य वर्ग में भी गरीब होते हैं, उनको भी आरक्षण की जरूरत है। मोदी ने आकर सामान्य वर्ग के गरीब लोगों के लिए 10% आरक्षण किया।
पीएम मोदी ने कहा कि इंडी गठबंधन की साजिश का ताजा उदाहरण पश्चिम बंगाल में सामने आया। दो दिन पहले ही वहां कोलकाता उच्च न्यायालय ने कई मुस्लिम जातियों के आरक्षण को खत्म कर दिया। मुस्लिमों की कई जातियों को इंडी गठबंधन वालों ने ओबीसी बना दिया था और ओबीसी का हक उनको दे दिया। ऐसा करके इंडी गठबंधन ने ओबीसी के हक पर डाका डाला और संविधान की धज्जियां उड़ाई हैं।
लेकिन अब कोलकाता हाईकोर्ट के फैसले के बाद इंडी गठबंधन वाले बौखलाए हुए हैं। बंगाल की मुख्यमंत्री सीधे-सीधे कोर्ट के फैसले को मानने से भी इनकार कर रही हैं। इनके लिए संविधान और अदालतें कोई मायने नहीं रखतीं। इनका सबसे सगा अगर कोई है, तो वो इनका वोटबैंक है।
मोदी ने संबोधन के दौरान सिरमौर के ट्रांसगिरि इलाके के हाटी समुदाय का भी जिक्र किया और कहा कि कांग्रेस ने गिरिपार के हाटी समुदाय को भी आरक्षण नहीं दिया। ये सारे काम मोदी ने आपका कर्ज उतारने के लिए किए। इस कारण आज हमारे समाज के लोगों को अलग-अलग स्थान पर अवसर मिल रहा है।
