Advertisement

Sirmaur : रिहायशी मकान में बनी गौशाला में आग लगने से गाय सहित अन्य सामान जलकर खाक, दो उद्योगों के कर्मचारियों ने मिलकर बुझाई आग

दैनिक जनवार्ता
नाहन (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र बांका बाड़ा के एक रिहायशी मकान में आग लगने से लगभग 3 लाख रुपए का नुकसान हो गया। बताया जा रहा है कि इस आगजनी में एक गाय भी जल गई, जबकि बाकी मवेशियों को बचा लिया गया। मंगलवार सुबह दिलशाद, निवासी बांका बाड़ा के घर में बनी गौ शाला में अचानक आग भड़क गई। आग लगने का पता चलते ही दिलशाद के घर से कुछ दूरी पर स्थित दो उद्योगों वी गार्ड इंडस्ट्री और विशाल पॉलिपेट ने अपने हाइडेंट खोल कर आग बुझाने का प्रयास किया। इस दौरान गौशाला में एक गाय सहित भूसा जलकर खाक हो गया। आग लगने के कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। वी गार्ड इंडस्ट्री के महाप्रबंधक एसएस मेहता ने बताया कि उनके उद्योग से कुछ दूरी पर स्थित एक रिहायशी मकान में आग लगने का जैसे ही पता चला उन्होंने अपने कर्मचारियों को फौरन सहायता के लिए भेज दिया। एक अन्य उद्योग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए थे। दोनों उद्योगों ने अपने हाइडेंट चालू किए और आग बुझाने में जुट गए। आखिरकार आग पर काबू पा लिया गया।
इस बीच अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी गई लेकिन फायर टेंडर के लिए मौके तक पहुंचने के लिए मार्ग न होने से फायर टेंडर नहीं पहुंच पाए।