दैनिक जनवार्ता
आगरा। हर दिन नए नए कारनामे सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं। ऐसा ही एक मामला इन दिनों सोशल मीडिया पर सुर्खियों में है। मामला पांच रूपये के कुरकुरे के पैकेट को लेकर सामने आया है। कुरकुरे को लेकर बीबी अपने पति से इस तरह नाराज हो गई है कि अब बात तलाक तक पहुंच गई है। पूरे गांव में यह मुद्दा चर्चा का विषय बना हुआ है।
पति ने अपनी पत्नी पर आरोप लगाया है कि वह रोजाना उससे कुरकुरे मांगती थी। वो हर रोज अपनी पत्नी के लिए कुरकुरे लाकर परेशान हो गया था।
उधर, कुरकुरे ना मिलने से नाराज पत्नी ने पति की शिकायत थाने में कर दी है। यहां तक कि मामला अब तलाक तक पहुंच गया है। फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों को सुनकर उन्हें परिवार परामर्श केंद्र भेज दिया है। जहां दोनों की काउंसलिंग की गई और पति-पत्नी को अगली तारीख दे दी गई है। साथ ही आपस में ही सुलह करने की भी नसीहत दी गई है।
पूरा मामला शाहगंज थाना के दायरे में आने वाली एक बस्ती का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार पत्नी की अधिक कुरकुरे खाने की आदत की वजह से पति परेशान हो गया। इसे लेकर दोनों के बीच कहासुनी भी होने लगी।
पति का आरोप है कि उसकी पत्नी हर रोज कुरकुरे लाने की मांग करती थी। कुरकुरे को लेकर ही पत्नी-पत्नी के बीच लड़ाई हुई और पत्नी नाराज होकर अपने मायके चली गई। पिछले डेढ़ महीने से वह मायके में ही रह रही है। हाल ही में उसने थाने पहुंचकर पति की शिकायत दर्ज कराई है।
