दैनिक जनवार्ता
नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर के श्रीरेणुकाजी और पांवटा साहिब में भगवान परशुराम जयंती की पूर्व संध्या पर भव्य शोभायात्रा आयोजित की गई। ददाहू में शोभायात्रा दोपहर बाद तहसील प्रांगण से शुरू होकर मुख्य बाजार, बडोन, देवशीला, मेला मैदान, रेणु मंच और राम बावड़ी से होते हुए सांझ ढलने से पूर्व रेणुकाजी तीर्थ पहुंची। शोभायात्रा में भगवान परशुराम के प्राचीन एवं प्रसिद्ध जामूकोटी व कटाहा के मंदिरों से लाई गई देव पालकियां मुख्य आकर्षण का केंद्र रहीं। यहां देवताओं को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ पुरानी देवठी में स्थापित किया गया है।
शोभायात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने देवताओं की पालकी रोककर स्वागत करने के साथ आशीर्वाद भी प्राप्त किया। इस मौके पर कई संत-महात्मा सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।
वहीं, पांवटा साहिब में मुख्य बाजार से होते हुए शोभायात्रा निकाली गई जो विश्वकर्मा चौक पर समाप्त हुई। इस दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पांवटा साहिब और श्रीरेणुकाजी में भगवान परशुराम की शोभायात्रा में भाग लिया। शुक्रवार को परशुराम जयंती के अवसर पर श्री रेणुकाजी में भारी श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
Sirmaur : भगवान परशुराम जयंती के उपलक्ष्य में निकाली शोभायात्रा, रेणुका जी और पांवटा साहिब में गूंजे जयकारे
37
