दैनिक जनवार्ता
चंडीगढ़। चंडीगढ़ में एक तेज रफ्तार एसयूवी कार और सवारियों से भरे ऑटो रिक्शा में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में हिमाचल की एक युवती समेत ऑटो चालक की मौत हो गई, जबकि अन्य चार घायल हुए हैं।
मृतका की पहचान अंजली (21) निवासी जिला चंबा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह चंडीगढ़ में अपनी बहन के पास रह रही थी। इसके अलावा अन्य तीन युवतियां लद्दाख की रहने वाली बताई जा रही हैं। ऑटो में छात्राओं के अलावा एक महिला भी सवार थी।
जानकारी के मुताबिक चंडीगढ़ स्थित खालसा काॅलेज में पढ़ने वाली चार लड़कियां ऑटो में सवार होकर एग्जाम देने जा रही थी। जब वह चंडीगढ़ के सेक्टर-8 के डिवाइडिंग रोड़ पर पहुंचे तो एक तेज रफ्तार एसयूवी कार ने ऑटो को ओवरटेक करते हुए जोरदार टक्कर मार दी।
इस दुखद सड़क हादसे में हिमाचल प्रदेश के चंबा की रहने वाली अंजली ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चालक ने पीजीआई में दम तोड़ा। अन्य घायलों का उपचार चल रहा है। चंडीगढ़ पुलिस इस हादसे की जांच कर रही है।