दैनिक जनवार्ता
नाहन (सिरमौर)। सिरमौर पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम में वांछित एक अपराधी को देहरादून से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस के पीओ सेल ने भगौड़े अपराधी को देहरादून से गिरफ्तार किया है। ये अपराधी पिछले 12 साल से फरार चल रहा था।
जानकारी के अनुसार उद्घोषित अपराधी मोहम्मद हारून, निवासी गांव डेरा सराय, तहसील संभल, जिला मुरादाबाद, उत्तरप्रदेश के खिलाफ पुलिस ने साल 2012 में पांवटा साहिब थाना में मामला दर्ज किया था।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर रमन कुमार मीणा ने बताया कि जिला सिरमौर पुलिस द्वारा उद्घोषित अपराधियों की धर पकड़ के विशेष अभियान के अंतर्गत जिलास्तर पर पीओ सेल की टीम गठित की गई है। देहरादून से दबोचे अपराधी के खिलाफ थाना पांवटा साहिब में 429, 34 भारतीय दंड सहिंता और पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 8, 11 में मामला दर्ज किया गया था।
गिरफ्तार अपराधी के विरुद्ध पुलिस थाना पांवटा साहिब में आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। सिरमौर पुलिस इस वर्ष अब तक चार उद्घोषित अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर चुकी है।
