दैनिक जनवार्ता
पांवटा साहिब (सिरमौर)। उपमंडल में सोमवार देर रात दो गुटों में लाठी और डंडों से जमकर मारपीट हुई। इससे आधा दर्जन लोगों को चोटें आई हैं। मारपीट के बाद दोनों पक्षों की शिकायत पर पुरुवाला पुलिस ने क्रॉस एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है। जानकारी के अनुसार दोनों गुटों में सोमवार रात करीब 9:30 बजे के शिव मंदिर के पास अचानक आपसी झड़प हो गई। दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश झगड़े का कारण माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि सड़क पर मारपीट के बाद एक गुट ने अस्पताल में भी दूसरे गुट के लोगों पर हमला कर दिया।
पुलिस थाने में दर्ज क्रॉस एफआईआर में रजत पुत्र गुरमेल सिंह निवासी कुंजा मतरालियों और राकेश कुमार पुत्र पेरिस निवासी कुंजा मतरालियों ने एक दूसरे के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज करवाया है।
आरोप है कि एक पक्ष ने दूसरे गुट के लोगों पर लाठी, डंडे और मुक्कों से मारपीट की, जिसमें आधा दर्जन लोग चोटिल हुए हैं। एसपी रमन कुमार मीणा ने मारपीट के मामले में क्रॉस एफआईआर की पुष्टि की है।
