दैनिक जनवार्ता
नाहन (सिरमौर)। सिरमौर के विकास खंड नाहन की ग्राम पंचायत त्रिलोकपुर की होनहार बेटी निधि चौधरी ने यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा 2023 में देशभर में 691वा रैंक हासिल करके गुर्जर समाज का नाम रोशन किया है। नाहन तहसील के गांव त्रिलोकपुर निवासी निधि चौधरी गुर्जर समाज से ताल्लुक रखती है। निधि के पिता धनीराम चौधरी आईटीबीपी में बतौर डीएसपी कार्यरत हैं, जबकि माता जसविंदर कौर गृहिणी हैं।
निधि ने अपनी स्कूली शिक्षा पंचकुला (हरियाणा) से पूर्ण की, जबकि कॉलेज स्तर की शिक्षा चंडीगढ़ से पूर्ण की है। निधि बीएससी बायोटेक करने के बाद यूपीएससी की तैयारी में जुट गई थी।
उसकी इस उपलब्धि पर गुर्जर समाज कल्याण परिषद जिला सिरमौर ने खुशी जाहिर करते हुए शुभकामनाएं दीं हैं। गुर्जर समाज कल्याण परिषद के जिला अध्यक्ष राजकुमार गुर्जर ने बताया कि निधि चौधरी ने पूरे गुर्जर समाज के साथ साथ सिरमौर और प्रदेश का नाम रोशन किया है। वहीं, निधि चौधरी ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता पिता और गुरुजनों को दिया है।
