दैनिक जनवार्ता
नाहन (सिरमौर)। हिमाचल दिवस के अवसर पर सोमवार को जिला मुख्यालय नाहन में विधायक अजय सोलंकी सहित अन्य कांग्रेसी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने हिमाचल निर्माता डा. वाईएस परमार की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इससे पहले कांग्रेस भवन में ध्वजारोहण किया गया। यह कार्यक्रम हिमाचल निर्माता डा. परमार के पौत्र एवं पार्टी के जिलाध्यक्ष आनंद परमार की अध्यक्षता में हुआ। इस मौके पर विधायक अजय सोलंकी ने प्रदेशवासियों को हिमाचल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज उन सभी महान वीर सपूतों को याद करने का दिन है, जिनकी बदौलत हिमाचल उन्नति के पथ पर पहुंचा।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के निर्माण में जो योगदान डा. परमार का रहा है, उसे भुलाया नहीं जा सकता। डा. परमार की दूरगामी सोच का ही परिणाम है कि हिमाचल प्रदेश की गणना अग्रणी राज्यों में की जाती है।
उन्होंने कहा कि न केवल इस पहाड़ी राज्य ने विकास के मामले में रफ्तार पकड़ी, बल्कि पहाड़ी संस्कृति और यहां की परंपराओं को भी विश्व पटल पर अपनी विशेष पहचान दिलाई है।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आनंद परमार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक विचारधारा के साथ काम करती है। साथ ही सेवा और समर्पण का जो भाव उन्हें अपने दादा से विरासत में मिला है, उन्हीं आदर्शों पर हमें चलते रहना है। इस मौके पर जिला कांग्रेस प्रवक्ता सलीम अहमद, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष उपमा धीमान, कोषाध्यक्ष राकेश गर्ग उर्फ पपली, रोड सेफ्टी क्लब के अध्यक्ष नरेंद्र तोमर, बिलकीश, मदन सूर्यवंशी, हरिश कल्याण, नसीम मोहम्मद दीदान आदि मौजूद रहे।
