Delhi Politics : संजय सिंह का दावा, अरविन्द केजरीवाल और उनकी पत्नी की नहीं होने दी आमने सामने बात
दैनिक जनवार्ता
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने तिहाड़ जेल प्रशासन पर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के साथ अमानवीय व्यवहार करने का आरोप लगाया है। उन्होंने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कहा कि केजरीवाल को उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल के साथ आमने सामने की मुलाकात नहीं करने दी गई। जेल प्रशासन ने उन्हें खिड़की के जरिए केजरीवाल से मिलने की अनुमति दी।
संजय सिंह ने आरोप लगाया कि जेल प्रशासन बीजेपी के दबाव में काम कर रहा है। संजय सिंह ने कहा कि तिहाड़ जेल में आमने सामने मुलाकात करना आम बात है। उन्होंने कहा कि अरविन्द केजरीवाल के साथ अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है। यहां तक कि खूंखार अपराधियों को भी अपने परिजनों से बैरक में मुलाकात करने की इजाज़त है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को अपमानित और हतोत्साहित करने के लिए ये अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आज लड़ाई लोकतंत्र और संविधान को बचाने की है। संजय सिंह ने आरोप लगाया कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और दिल्ली के एक सांसद की अरविंद केजरीवाल के साथ मुलाकात तिहाड़ जेल प्रशासन ने आखिरी समय में रद्द कर दी। इसके लिए सुरक्षा कारणों का हवाला दिया गया। उन्होंने कहा केजरीवाल को तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। दिल्ली के मुख्यमंत्री के साथ मेरी बैठक भी रद्द कर दी गई। यह भारतीय कानून का मजाक बनाया जा रहा है।
