दैनिक जनवार्ता
नाहन (सिरमौर)। हरियाणा हिमाचल की सीमा पर स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल त्रिलोकपुर में चैत्र मास शुक्ल पक्ष नवरात्र मेले के दूसरे दिन 37000 श्रद्धालु पहुंचे। इस दौरान 11,81,790 रुपए नगद, 1340 ग्राम चांदी और 6 ग्राम 900 मिलीग्राम सोना भेंट स्वरूप श्रद्धालुओं ने माता के चरणों में अर्पण किया।
हर रोज की भांति मंदिर के कपाट प्रातः मुख्य आरती के बाद श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए, जबकि दूर दराज से आए श्रद्धालु मध्यरात्रि से ही कतारबद्ध होने शुरू हो गए थे। दिन भर मंदिर परिसर माता के जयकारों से गुंजायमान रहा। गर्मी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए मंदिर न्यास समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए जगह जगह शीतल पेय जल की व्यवस्था की गई है।
इसके अलावा भंडारा स्थलों पर भी गर्मी से बचने के लिए स्थाई शेड बनाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद है।
मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष व उपायुक्त सिरमौर सुमित खिमटा ने बताया कि त्रिलोकपुर मंदिर में श्रद्धालुओं को पूरी सुविधा दी जा रही है। मेले के आगामी दिनों में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुविधानुसार मंदिर के खुलने और बंद होने के समय में परिवर्तन किया जा सकता है।
