दैनिक जनवार्ता
पांवटा साहिब (सिरमौर)। उपमंडल पांवटा साहिब में पुलिस ने एक व्यक्ति के घर में दबिश देकर शराब के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया है। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने आबकारी अधिनियम में केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार माजरा पुलिस थाना प्रभारी की अगुवाई में टीम कोदावाला गांव में गश्त पर थी। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति ने अपने घर में शराब की खेप छिपा रखी है।
लिहाजा, माजरा पुलिस थाने की टीम मौके पर पहुंची और रणजीत सिंह, निवासी गांव चरणावाला, डाकघर हरिपुरखोल, तहसील पांवटा साहिब के रिहायशी मकान की तलाशी ली। इस दौरान घर के अंदर अलग-अलग कमरों में शराब की 23 गत्ता पेटी बरामद की, जिसमें 24-24 अधिया (375 ML) कुल 552 अधिया शराब रखी हुई थी।
इसके बाद माजरा पुलिस ने हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत रणजीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। माजरा पुलिस थाना प्रभारी प्रताप सिंह परमार ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई अमल में ला रही है।
