दैनिक जनवार्ता
कालाअंब (सिरमौर)। पुलिस ने बड़े पैमाने पर की जा रही अफीम की खेती का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अफीम के पौधों को पुलिस ने मौके पर ही आग लगाकर नष्ट कर दिया।
बताया जा रहा है कि पुलिस थाना कालाअंब की टीम को गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति सुभाष उर्फ भाषी पुत्र राजेंद्र सिंह, निवासी गांव कंडईवाला, बर्मापापडी, तहसील नाहन ने अपने खेतों में अफीम के पौधे की खेती कर रखी है।
लिहाजा, पुलिस ने तुरंत मौके पर दबिश दी। पुलिस को खेतों में 5,000 पौधे अफीम के बरामद हुए। इस दौरान हल्का पटवारी ने राजस्व रिकार्ड के अनुसार अफीम की खेती वाली भूमि को राजेंद्र सिंह की मलकीयत बताया। इसके बाद पुलिस ने सुभाष और राजेंद्र सिंह के खिलाफ नारकोटिक्स ड्रग्स, साइकोट्रोपिक सब्सटेंस अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया। साथ ही आरोपी सुभाष को भी गिरफ्तार किया। जबकि राजेंद्र सिंह को उनकी वृद्धावस्था और बीमारी को देखते हुए 41(1)A, सीआरपीसी के तहत नोटिस पर पाबंद करके छोड़ा।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर रमन कुमार मीणा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि
आरोपी सुभाष उर्फ भाषी को गिरफ्तार करने के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे दो दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है। उन्होंने बताया कि बरामद किए अफीम के पौधों से नमूना निकालने के बाद शेष सभी पौधों को मौके पर ही आग लगाकर नष्ट कर दिया है। पुलिस मामले में आगामी जांच कर रही है।
