दैनिक जनवार्ता
शिमला। चंडीगढ़ में हिमाचल प्रदेश के एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान आकाश और करण, निवासी सफेदा कॉलोनी, नयागांव के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर लिया है।
जानकारी के मुताबिक शिमला निवासी आशीष चंडीगढ़ में नौकरी करता था। 31 मार्च को वह जब ड्यूटी के बाद अपने कमरे की ओर जा रहा था। इसी दौरान नयागांव के विकासनगर क्षेत्र में आकाश और उसके साथी करण ने उसे लूटने की योजना बनाई और आशीष को पकड़ लिया।
तभी बहस और हाथापाई के दौरान दोनों आरोपियों ने गुस्से में आकर आशीष पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए। पुलिस को तफ्तीश के दौरान मौके से आशीष का मोबाइल मिला था। फोन से डायल किए गए नंबरों से मामले की जांच में पुलिस को सहायता मिली।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के मुताबिक उसकी छाती पर तेज नुकीले हथियार से कई वार किए गए थे। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं पुलिस ने आशीष की मां के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
