Advertisement

सिरमौर : नाहन में केंद्र सरकार के खिलाफ कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, जमकर की नारेबाजी

दैनिक जनवार्ता
नाहन (सिरमौर)। राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस पार्टी के खातों को सील करने और कांग्रेस को आयकर विभाग द्वारा नोटिस दिए जाने के विरोध में देशभर में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए हैं। इसी कड़ी में शनिवार को जिला मुख्यालय नाहन में विधायक अजय सोलंकी की अगुवाई में रैली निकाली गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार, ईडी के साथ-साथ आयकर विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

इससे पूर्व विधायक अजय सोलंकी, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आनंद परमार, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता नरेंद्र तोमर व जिला प्रवक्ता कैप्टन सलीम अहमद सहित कई कार्यकर्ता कांग्रेस भवन नाहन में एकत्रित हुए। इसके बाद कांग्रेस भवन से चौगान मैदान व दिल्ली गेट तक रैली निकालते हुए कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कांग्रेस विरोधी इस कार्रवाई का कड़ा विरोध किया गया।

विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि लोकतंत्र का देशभर में चीरहरण हो रहा है। उन्होंने कहा कि सीबीआई व ईडी बदले की भावना से केंद्र सरकार के इशारे पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं पर बलपूर्वक उन्हें डराने धमकाने का काम कर रही है।

उन्होंने ईडी के साथ-साथ आयकर विभाग की कार्रवाई पर रोष प्रकट करते हुए कहा कि बदले की भावना से केंद्र सरकार के इशारे पर जो कार्य किया जा रहा है, देशभर में उसका विरोध हो रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की सरकार को देशभर की आम जनता इसका जवाब देगी।