Advertisement

सिरमौर : वारदात के चंद घंटों बाद दबोचे आरोपी, चोरी का सामान बरामद

दैनिक जनवार्ता
नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर के उपमंडल राजगढ़ में अरविंद इलेक्ट्रॉनिक में हुई करीब 6 लाख के सामान की चोरी मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए अपराधियों के कब्जे में पुलिस को 39 मोबाइल, एक टैब और एक स्मार्ट वॉच भी बरामद हुई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक चारों आरोपी नेपाली मूल के हैं और नेपाल भागने की फिराक में थे। इससे पहले कि चारों आरोपी नेपाल फरार होते पुलिस ने उन्हें नेपाल की सीमा पर रूपेडिया, बहराइच (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि चारों अभियुक्त दो सप्ताह पहले ही राजगढ़ में आए थे और दिहाड़ी मजदूरी कर रहे थे।

चारों आरोपी नेपाली मूल के हैं और एक ही गांव से संबंध रखते हैं। आरोपियों की शिनाख्त जनक शाही पुत्र वीर बहादुर, नवीन खरका पुत्र चक्र बहादुर, लोकेंद्र शाही पुत्र अनुरूप शाही, जनक शाही पुत्र भीम बहादुर के तौर पर हुई है। चारों आरोपी जाजर कोट, कोड़तांग, नेपाल के रहने वाले हैं।

उपरोक्त चारों आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए एसआईटी टीम का गठन किया गया। टीम में सहायक उप निरीक्षक हेमराज, मुख्य आरक्षी सुनील कुमार, जसवीर, रोहित, मानक मुख्य आरक्षी सोमिंदर सिंह, आरक्षी अमरेंद्र सिंह, जय प्रकाश और अमित कुमार को शामिल किया गया।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर रमन कुमार मीणा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि राजगढ़ की एक दुकान में हुई चोरी मामले में चार आरोपियों को वारदात के चंद घंटों में गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई है। मामले में आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।