Advertisement

Breaking News : हिमाचल प्रदेश में बदलते राजनीतिक समीकरण, 6 बागियों सहित 3 निर्दलीय हुए भाजपा में शामिल

दैनिक जनवार्ता
नई दिल्ली/शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के बागी छह और तीन निर्दलीय विधायकों ने भाजपा का दामन थाम लिया है। दिल्ली में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने शनिवार को पार्टी मुख्यालय में इन छह बागी विधायकों सहित तीन निर्दलीय विधायकों को पटका पहनाकर पार्टी में शामिल किया। इसी के साथ भाजपा में धर्मशाला से सुधीर शर्मा, सुजानपुर से राजेंद्र राणा, लाहौल स्पीति से रवि ठाकुर, बड़सर से आईडी लखनपाल, गगरेट से चैतन्य शर्मा, कुटलैहड़ से देवेंद्र कुमार भुट्टो और तीन निर्दलीय विधायक आशीष शर्मा, केएल ठाकुर और होशियार सिंह शामिल हो गए हैं।

भाजपा में शामिल होने के बाद सुधीर शर्मा ने कहा कि विधायक होने का क्या मतलब रह जाता है, जबकि हम लोगों से किए गए वादे पूरे नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके आत्म सम्मान को ठेस पहुंची और उनकी बात को अनसुना किया गया। लिहाजा उन्होंने पार्टी छोड़ने का निर्णय लिया।

बता दें कि तीन निर्दलीय विधायकों ने शुक्रवार को विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि विधानसभा अध्यक्ष द्वारा उनके इस्तीफे को मंजूर नहीं किया गया है। इस मौके पर राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन सहित नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, अरुण सिंह भी मौजूद रहे।