ईडी ने किया दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार, दिल्ली शराब घोटाले में हुए गिरफ्तार
दैनिक जनवार्ता ब्यूरो
दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आखिरकार ईडी ने गिरफ्तार कर लिया है। मुख्यमंत्री से दो घंटे से अधिक पुछताछ के बाद ईडी ने ये कदम उठाया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को शराब घोटाले में गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के मुताबिक ईडी की टीम शाम 7:00 बजे मुख्यमंत्री के आवास पर पहुंची। ईडी की पुछताछ लगभग दो घंटे चली, जिसमें उनसे 20 सवाल पूछे गए। केजरीवाल ने कई सवालों का जवाब नही दिया जिस कारण उन्हे वहीं गिरफ्तार कर लिया गया। खबर मिलते ही आतिशी और सौरभ भारद्वाज उनसे मिलने गए लेकिन उन्हे अंदर नहीं जाने दिया गया।
ईडी की टीम के केजरीवाल के घर पर जाने की खबर सुनते ही आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं की भीड़ आवास के बाहर जुटनी शुरू हो गई। पुलिस को पहले ही इसकी आशंका थी और उन्होंने इसकी पहले से ही तैयारी की हुई थी। केजरीवाल के आवास के बाहर रैपिड एक्शन फोर्स के साथ साथ भारी पुलिस बल को तैनात किया गया है। इसके अलावा घर के चारों ओर बेरिकेडिंग की गई है।
बता दें कि इससे पहले ईडी ने आप नेता मनीष सिसोदिया और संजय सिंह को भी शराब घोटाले मे गिरफ्तार किया गया था। केजरीवाल को भी नौ बार समन भेजे गए लेकिन वो ईडी के सामने पेश नहीं हुए बल्कि ईडी की दंडात्मक कार्रवाई पर रोक लगाने के लिए हाई कोर्ट पहुंचे थे।