दैनिक जनवार्ता ब्यूरो
शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने मंडी संसदीय सीट से लोक सभा चुनाव न लड़ने का फैसला लिया है। उनके इस फैसले से राजनीतिक गलियारे में तरह तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। बहरहाल, प्रतिभा सिंह ने तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए स्पष्ट किया कि वो क्यों चुनाव लड़ने से इंकार कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि सर्वप्रथम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष होने के नाते उनका कर्तव्य और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी पार्टी और सरकार को मजबूत बनाने की है। ऐसे में उन्होंने को फैसला लिया है उसका उद्देश्य प्रदेश की 6 विधानसभा सीटों पर होने वाले उप चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करना है।
इसके चलते उन्होंने कांग्रेस हाईकमान से कहा है कि मंडी संसदीय सीट पर उनकी अपेक्षा किसी अन्य दिग्गज नेता को प्रत्याशी बनाया जाए। विदित रहे कि ये वही मंडी लोकसभा सीट है जो पूर्व मुख्यमंत्री स्व.वीरभद्र सिंह परिवार की पारंपरिक सीट मानी जाती है। लेकिन इस सीट से प्रतिभा सिंह ने लोकसभा चुनाव लड़ने से मना कर दिया है।
