दैनिक जनवार्ता न्यूज
दिल्ली/शिमला। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले चुनाव आयोग ने 6 राज्यों के गृह सचिवों को हटाने का आदेश दिया है। चुनाव आयोग ने जिन 6 राज्यों के गृह सचिव हटाए हैं, उसमें गुजरात, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड शामिल हैं। इसके साथ ही पश्चिम बंगाल के डीजीपी को हटाने के भी निर्देश दिए गए हैं। हिमाचल प्रदेश के जीएडी सचिव को भी हटाया गया है। यह फैसला मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार और चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और सुखबीर सिंह संधू की सोमवार को बैठक के बाद आया है।
चुनाव आयोग का कहना है कि यह एक्शन चुनाव में समान अवसर सुनिश्चित कराने के लिए किया गया है। चुनाव आयोग की करवाई से कड़ा संदेश जाता है कि लोकसभा चुनाव 2024 में सभी को समान अवसर मिलने वाले हैं। देशभर में लोकसभा चुनाव आने वाले हैं, पूरे देश में 7 चरणों में चुनाव होंगे और 4 जून को नतीजे आएंगे।
