दैनिक जनवार्ता न्यूज
नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर के मुख्यालय नाहन में ममता नेगी ने जिला लोक संपर्क अधिकारी का पदभार संभाल लिया है। डीपीआरओ ममता नेगी जिला किन्नौर की रहने वाली हैं।
वर्ष 2015-16 से वह सूचना एवं जन संपर्क विभाग में सेवाएं दे रही हैं। उनका तबादला जिला किन्नौर से सिरमौर में हुआ है। ममता नेगी जिला सोलन में भी एपीआरओ के पद पर सेवाएं दे चुकी हैं। इससे पहले वह हेडक्वार्टर शिमला में तैनात थीं। सिरमौर के जिला लोक संपर्क अधिकारी प्रेम ठाकुर की बीते माह सेवानिवृत्ति के बाद ये पद खाली चल रहा था।
पदभार संभालने के बाद सिरमौर प्रेस क्लब नाहन में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में जिला लोक संपर्क अधिकारी ममता नेगी ने कहा कि सरकार और प्रशासन की योजनाओं, कार्यों और उपलब्धियों को आम जन तक पहुंचाने में मीडिया का काफी अहम रोल है। मीडिया और विभाग का आपसी तालमेल है। इसको और बेहतर बनाया जाएगा। इस मौके पर सहायक लोक संपर्क अधिकारी राजेंद्र कुमार समेत मीडिया के तमाम प्रतिनिधि मौजूद रहे।
