दैनिक जनवार्ता न्यूज
नाहन (सिरमौर)। शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप शुक्रवार को नाहन पहुंचे। जहां कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद सुरेश कश्यप ने भाजपा कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
इस दौरान सांसद ने पत्रकारवार्ता में अपनी 5 वर्षों की उपलब्धियां को मीडिया के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शिमला संसदीय क्षेत्र को अनेकों योजनाएं मिली हैं। जिसमें 1426 करोड़ से निर्मित हो रहे हिमाचल प्रदेश के पहले ग्रीन कॉरिडोर पांवटा साहिब-शिलाई, कालका-शिमला फोरलेन, मेडिकल कॉलेज नाहन के लिए 282 करोड़ का बजट जारी करने के साथ साथ हरियाणा के जगाधरी से पांवटा साहिब-कालाअंब और देहरादून-पांवटा साहिब के लिए रेलवे लाइन की मांग उठाई।
चूड़धार के लिए रोपवे स्वीकृत करवाया। बीबीएन में मेडिकल डिवाइस पार्क, आईआईएम को 390 करोड़, माजरा स्पोर्ट्स हॉस्टल में 7.50 करोड़ से बना एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान, 7000 करोड़ से निर्मित होने वाले श्रीरेणुकाजी बांध परियोजना का शिलान्यास, चंडीगढ़ बद्दी रेल लाइन, पिंजोर-नालागढ़ फोरलेन, पांवटा साहिब-कालाअंब एनएच को फोरलेन की स्वीकृति, नाहन-कुमारहट्टी एनएच में को डबल करने के लिए स्वीकृति, अपर शिमला को टनल बनाकर जोड़ना और किसानों की नकदी फसलों के मुद्दे को भी उठाया गया।
उन्होंने कहा कि शिमला संसदीय क्षेत्र के सभी 17 विधानसभा क्षेत्रों में एक समान सांसद निधि वितरित की गई है। कोविड की स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल कॉलेज को 50 लाख रुपए जारी करवाए। इसके साथ साथ सांसद ने केंद्र सरकार की ओर से स्वीकृत अनेक योजनाओं को भी गिनवाया।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की 10 साल की विकास योजना के दम पर वह जनता से वोट मांगने जाएंगे। 2019 में जहां 3 लाख वोटों से जीत हुई थी, इस बार जीत का आंकड़ा और अधिक होगा। इस मौके पर जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष प्रीतमोहन शर्मा, नाहन मंडल अध्यक्ष प्रताप ठाकुर समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
