दैनिक जनवार्ता न्यूज
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले पेट्रोल और डीजल दो रूपये सस्ता हो गया है। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर इसकी जानकारी दी। साथ ही कहा, पेट्रोलियम पदार्थों में कटौती से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिर साबित कर दिया कि करोड़ों भारतीयों के अपने परिवार का हित और सुविधा ही उनका लक्ष्य है।
पुरी ने कहा कि नवंबर 2022 से लेकर अबतक केंद्र सरकार पेट्रोल में 15 रुपये जबकि डीजल में 17 रुपये की कमी कर चुकी है।
उन्होंने कहा कि जब विश्व मुश्किल दौर से गुज़र रहा था, विकसित और विकासशील देशों में पेट्रोल के दामों में 50-72 प्रतिशत तक की बढ़ोत्तरी हुई और हमारे आसपास के कई देशों में तो पेट्रोल मिलना बंद हो गया था। 50 साल के सबसे बड़े तेल संकट के बावजूद पीएम मोदी के दूरदर्शी और सहज नेतृत्व के कारण मोदी के परिवार पर आंच नहीं आई।
बहरहाल, केंद्र सरकार ने लोकसभा चुनाव से पहले जनता को राहत देने के प्रयास किए हैं। घटे हुए दाम देशभर में आज सुबह छह बजे से लागू हो गए हैं।
