पुरानी गारंटियां, नया कैप्सूल : डॉ राजीव बिंदल
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बोले, असल मुद्दों से जनता का ध्यान डायवर्ट कर रही प्रदेश सरकार
दैनिक जनवार्ता न्यूज
शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रदेश में जबसे सुक्खू सरकार बनी है, तबसे विकास के मामले में हिमाचल पीछे की ओर जा रहा है। पिछले कुछ दिन से मुख्यमंत्री ने जनता का ध्यान असल मुद्दों से डाइवर्ट करने का काम शुरू किया है।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि असल मुद्दा यह है कि कांग्रेस पार्टी ने सत्ता में आते ही सभी संस्थान बंद कर दिए। 22 लाख बहनों को फूटी कौड़ी 15 महीने तक नहीं दी। एक लाख सरकारी नौकरियां देनी थी, लेकिन 10 हजार नौकरियां छीन लीं।
नौकरियां देने वाला संस्थान बंद कर दिया। विकास के जो काम पूर्व भाजपा सरकार में चले हुए थे, वह भी बंद हैं।
बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अब गारंटियों के ऊपर एक नया कैप्सूल चढ़ा दिया। चुनाव आचार संहिता शुरू होने वाली है। जाहिर है कि जनता को मुद्दों से भटकाने का काम चल रहा है। लेकिन हिमाचल की जनता प्रदेश सरकार के पैंतरों को अच्छी तरह समझ चुकी है।
