हमीरपुर से अनुराग ठाकुर और शिमला से सुरेश कश्यप पर बीजेपी ने फिर जताया भरोसा, दिया टिकट
दैनिक जनवार्ता न्यूज
शिमला। भाजपा ने हिमाचल प्रदेश की चार में से दो लोकसभा सीटों पर टिकट तय कर दिए हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और पार्टी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप पर एक बार फिर भरोसा जताया है। हमीरपुर लोकसभा सीट से केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और शिमला से सांसद सुरेश कश्यप फिर से प्रत्याशी होंगे।
मंडी और कांगड़ा लोकसभा सीट से अभी बीजेपी उम्मीदवारों का फैसला नहीं हो पाया है।
बीजेपी महासचिव एंव मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने अनुराग ठाकुर और सुरेश कश्यप के नाम से टिकट घोषित करने की सूचना जारी की है। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के बेटे अनुराग ठाकुर हमीरपुर से पिछले चार लोकसभा चुनाव जीत चुके हैं। ये उनका पांचवां लोकसभा चुनाव होगा। वहीं, शिमला से सुरेश कश्यप को दूसरी बार टिकट दिया गया है। इससे पूर्व वो पच्छाद से विधायक रह चुके हैं।
