दैनिक जनवार्ता न्यूज
शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजनीति में पिछले कई दिनों से उथल पुथल चल रही है। राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन के पक्ष में क्रॉस वोट करने वाले कांग्रेस के 6 बागी विधायकों को बेशक विधानसभा की सदस्यता से निलंबित कर दिया गया हो, लेकिन अभी सुक्खू सरकार का संकट टला नहीं है।
विधानसभा की सदस्यता से निलंबित 6 बागी विधायकों ने अपने निलंबन को असंवैधानिक करार देते हुए सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। ऐसे में यदि कोर्ट का फैसला बागी विधायकों के पक्ष में आता है, तो सुक्खू सरकार की परेशानी बढ़ सकती है। बहरहाल, लगातार चल रहे हिमाचल प्रदेश की राजनीति के घटनाक्रम में निलंबित किए गए 6 विधायकों सहित 3 निर्दलीय विधायक भाजपा के संपर्क में बताए जा रहे हैं।
6 बागी विधायकों सहित 3 निर्दलीय विधायक भी शुक्रवार देर रात चार्टेड विमान से पंचकुला से ऋषिकेश पहुंच चुके हैं। 3 निर्दलीय विधायकों में होशियार सिंह, केएल ठाकुर और आशी शर्मा के नाम शामिल हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू सरकार को बचा पायेंगे?
हालांकि, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सरकार को कोई खतरा नहीं होने का दावा किया है।
